डोंगरगढ़ पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह, आचार्य विद्यासागर महाराज स्मृति संग्रहालय का किया भूमिपूजन

डोंगरगढ़। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को डोंगरगढ़ प्रवास के दौरान जैन तीर्थ चंद्रगिरि में आयोजित आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज के द्वितीय समाधि स्मृति महोत्सव में भाग लिया। उन्होंने समाधि स्थल पर नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने आचार्य विद्यासागर महाराज के जीवन और विचारों पर आधारित प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय म्यूजियम एवं संग्रहालय का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद संतोष पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जैन समाज ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आचार्य विद्यासागर महाराज को भारत रत्न देने की मांग भी रखी।

केंद्रीय मंत्री बाद में मां बमलेश्वरी देवी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

मीडिया से बातचीत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आचार्य विद्यासागर महाराज के विचार स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के लिए आज भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने GRAMG योजना की जानकारी देते हुए बताया कि अब मनरेगा के तहत मजदूरों को 125 दिन का रोजगार मिलेगा और इसके लिए 1.51 लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। गांवों में स्थायी विकास कार्य ग्राम सभा के माध्यम से किए जाएंगे।

कुल मिलाकर, यह दौरा आस्था के साथ-साथ गांव और गरीब के विकास का संदेश लेकर संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *