रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट ने शहर की कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए गुंडा निगरानी बदमाशों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्त रायपुर के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप कुमार पटेल और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत डीसीपी पश्चिम रायपुर क्षेत्र के 9 थाना क्षेत्रों अमानाका, कबीर नगर, सरस्वती नगर, आजाद चौक, डीडी नगर, पुरानी बस्ती, टिकरापारा, राजेंद्र नगर और मुजगहां के कुल 149 गुंडा निगरानी बदमाशों को अनिवार्य रूप से थानों में तलब किया गया। सभी बदमाशों की थाना आजाद चौक परिसर में परेड कराई गई।
परेड के दौरान पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने सभी बदमाशों को अंतिम चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में वे किसी भी प्रकार की आपराधिक, अवैधानिक या असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए, तो उनके खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसमें गिरफ्तारी, निरोधात्मक कार्रवाई और गुंडा एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया जाना शामिल रहेगा।
इस दौरान 39 बदमाशों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170 के अंतर्गत तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
रायपुर पुलिस ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले, शांति भंग करने वाले और आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा करने वाले तत्वों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों पर पुलिस की कड़ी और सतत निगरानी आगे भी जारी रहेगी।