बनियापारा वार्ड में सख्त सफाई कार्रवाई, जेबीसी से खुली जाम नालियां

महापौर की बड़ी कार्रवाई, गंदगी फैलाने वाले दुकानदार पर लगा 2 हजार का जुर्माना

धमतरी। शहर में लापरवाही और गंदगी के खिलाफ नगर निगम का सख्त रुख लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह बनियापारा वार्ड में महापौर रामू रोहरा की प्रत्यक्ष उपस्थिति में नाली सफाई का व्यापक अभियान चलाया गया। जेबीसी मशीन की मदद से जाम नालियों की सफाई की गई, जहां से बड़ी मात्रा में कचरा, मिट्टी और प्लास्टिक मलबा निकाला गया। लंबे समय से अवरुद्ध पड़ी नालियों के साफ होते ही क्षेत्र में पानी का बहाव सुचारू हुआ, जिससे स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली। सफाई कार्य के दौरान महापौर ने मौके पर मौजूद सफाई अमले को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की किसी भी वार्ड में गंदगी और जलभराव की स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


निरीक्षण के दौरान नाली में गंदगी डालने के मामले में एक दुकानदार देवांगन को दोषी पाए जाने पर महापौर ने तत्काल 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। महापौर ने दो टूक कहा कि स्वच्छता के नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अब चेतावनी नहीं, सीधी कार्रवाई होगी। इस अवसर पर वार्ड पार्षद युगल किशोर यादव, मेघराज ठाकुर एवं कुलेश सोनी भी मौजूद रहे और सफाई अभियान में सक्रिय सहयोग दिया। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहरभर में सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता के साथ लागू किया जा रहा है। नालियों की नियमित सफाई, अतिक्रमण हटाना और गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं भी जिम्मेदारी निभाएं, क्योंकि स्वच्छ शहर तभी संभव है जब प्रशासन और नागरिक साथ चलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *