चाईबासा। झारखंड के चाईबासा जिले में चल रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के तहत सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। मुठभेड़ में एक और नक्सली मारा गया है। इस ऑपरेशन में अब तक कुल 17 नक्सलियों को ढेर किया जा चुका है। मारे गए माओवादियों में झारखंड का कुख्यात नक्सली पतिराम मांझी भी शामिल है।
ऑपरेशन मेघाबुरु की सफलता को लेकर राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा और सीआरपीएफ के आईजी साकेत सिंह ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नक्सलियों से अपील की कि वे हथियार छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हों और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं, अन्यथा उन्हें और कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
डीजीपी ने बताया कि इस सघन अभियान में भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता अनल दा उर्फ पतिराम मांझी समेत 17 नक्सलियों को मार गिराया गया है। करीब 35 घंटे तक चले इस ऑपरेशन में जिला पुलिस, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन और झारखंड जगुआर टीम की अहम भूमिका रही।
सीआरपीएफ आईजी साकेत सिंह ने कहा कि नक्सलवाद अब अपने अंतिम दौर में है। उन्होंने बचे हुए नक्सलियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करने की अपील की और कहा कि सरकार की पुनर्वास नीति उनके लिए एक अवसर है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आईजी अभियान माइकल राज एस, झारखंड जगुआर के आईजी अनूप बिरथरे, डीआईजी इंद्रजीत महथा, डीआईजी अनुरंजन केरकेट्टा, एसपी अमित रेणु सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।