रायपुर। छत्तीसगढ़ के रचनात्मक और सांस्कृतिक भविष्य को नई दिशा देने की ओर एक बड़ा कदम बढ़ा है। राजधानी रायपुर के ग्राम माना-तूता में चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का भूमिपूजन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को गति देगी और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को देश-दुनिया में विशेष पहचान दिलाएगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म सिटी के निर्माण से स्थानीय कलाकारों और युवाओं को मंच मिलेगा, वहीं फिल्म निर्माताओं को एक ही स्थान पर आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली इस परियोजना से पर्यटन, रोजगार और निवेश के नए अवसर सृजित होंगे।


संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने इसे छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक और आर्थिक भविष्य की मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि आगामी दो वर्षों में इन परियोजनाओं को पूर्ण करने का लक्ष्य है।
भूमिपूजन के दौरान फिल्म निर्माण और कन्वेंशन सेंटर से जुड़े चार प्रस्ताव भी सरकार को प्राप्त हुए, जिनमें देशी-विदेशी फिल्मों, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी और हैंडीक्राफ्ट फेयर के आयोजन शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार की विशेष सहायता योजना के तहत इन परियोजनाओं को मंजूरी मिली है और इन्हें पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जाएगा। परियोजनाओं के पूर्ण होने से फिल्म टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान वैश्विक स्तर पर और मजबूत होगी।