रायगढ़: JSW हॉस्टल में असिस्टेंट इंजीनियर की लाश बरामद

रायगढ़। जिले के नहरपाली क्षेत्र में स्थित JSW पावर प्लांट के हॉस्टल में असिस्टेंट इंजीनियर खुशबू चौबे (25) ने गुरुवार की देर शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका मूल रूप से झारखंड के जमशेदपुर की रहने वाली थी और JSW पावर प्लांट के एसएमएस विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर कार्यरत थी। वह प्लांट के हॉस्टल में रह रही थी।

घटना की जानकारी उस समय हुई जब काफी देर तक खुशबू का कमरा नहीं खुला। हॉस्टल में रहने वाले सहकर्मियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला, जहां खुशबू को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया।

भूपदेवपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल के मरच्यूरी कक्ष में भेज दिया। थाना प्रभारी संजय नाग ने बताया कि खुशबू 2024 से JSW पावर प्लांट में कार्यरत थी। घटना वाले दिन दोपहर में उसने अपने परिजनों से मोबाइल पर बातचीत भी की थी।

पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और अन्य सबूतों की भी जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

JSW पावर प्लांट प्रबंधन ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और कहा कि हॉस्टल में कर्मचारियों की सुरक्षा और देखभाल के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। घटना ने प्लांट और आसपास के क्षेत्र में सदमा फैलाया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *