
दुर्ग जिले में एक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता ने कोर्ट के आदेश पर घर खाली कराने पहुंचे पुलिस और कोर्ट स्टाफ के सामने खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली। इस घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पीड़िता की पहचान शबाना निशा उर्फ रानी (37) के रूप में हुई है, जो पचरीपारा क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी। परिजनों के अनुसार, शबाना चाहती थी कि जिस मकान में वह रह रही है, उसे मकान मालिक बेच दे ताकि वह वहीं रह सके, लेकिन मकान मालिक इसके लिए तैयार नहीं हुआ।
मामला डिस्ट्रिक्ट कोर्ट तक पहुंचा, जहां से मकान खाली कराने का आदेश जारी हुआ। आदेश के पालन में जब पुलिस और कोर्ट स्टाफ मकान खाली कराने पहुंचे, तभी शबाना ने कथित तौर पर आत्महत्या की नीयत से खुद को आग के हवाले कर दिया।
इस घटना में वह लगभग 95 प्रतिशत तक झुलस गई है। गंभीर हालत में उसे रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
बताया गया है कि शबाना निशा का राजनीतिक जीवन भी रहा है। वह दुर्ग नगर निगम के पिछले चुनाव में वार्ड क्रमांक 28 पचरीपारा से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद पद का चुनाव लड़ चुकी है।