रायपुर में 24-25 जनवरी को सजेगा शिक्षा का महाकुंभ, देश-विदेश के 30 से ज्यादा टॉप स्कूलों को जानने का मौका

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी के अभिभावकों के लिए अपने बच्चों के सुनहरे भविष्य की राह चुनने का एक शानदार मौका आ रहा है। रायपुर के होटल बेबीलोन कैपिटॉल में 24 और 25 जनवरी को 22वें ‘प्रीमियर स्कूल्स एक्जिबिशन’ का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक चलने वाले इस दो दिवसीय मेले में माता-पिता को देश और दुनिया के बेहतरीन स्कूलों को करीब से जानने का मौका मिलेगा।

इस प्रदर्शनी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पहली बार भारतीय बोर्डिंग स्कूलों के साथ-साथ ब्रिटिश बोर्डिंग स्कूल्स भी हिस्सा ले रहे हैं। यहाँ 30 से ज्यादा प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, जिनसे पेरेंट्स सीधा संवाद कर सकेंगे। अक्सर माता-पिता इस उलझन में रहते हैं कि बच्चे के लिए कौन सा बोर्ड (CBSE, ICSE, IB या Cambridge) सही रहेगा, इस मेले में वे एक ही छत के नीचे इन सभी बोर्ड्स की तुलना कर पाएंगे।

सिर्फ स्कूलों की जानकारी ही नहीं, बल्कि यहाँ एक्सपर्ट्स द्वारा पेरेंटिंग स्किल्स और करियर गाइडेंस पर विशेष सेशन भी दिए जाएंगे। अभिभावक स्कूलों की फीस, खेलकूद की सुविधाएं, कैंपस की सुरक्षा और हॉस्टल में खान-पान जैसी बारीकियों पर भी सटीक जानकारी ले सकेंगे। आयोजकों का मानना है कि यह प्रदर्शनी उन माता-पिता का महीनों का समय बचाएगी जो अपने बच्चों के लिए एक आदर्श स्कूल की तलाश में भटक रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *