भिलाई में हरिओम इंगोट्स एंड पावर लिमिटेड पर जीएसटी छापेमारी, जांच चौथे दिन भी जारी

भिलाई, 22 जनवरी 2026: दुर्ग जिले के भिलाई स्थित हरिओम इंगोट्स एंड पावर लिमिटेड के कार्यालय पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग की टीम ने 19 जनवरी से छापेमारी शुरू की है, जो आज तक जारी है। जीएसटी अधिकारियों की टीम ने कंपनी के दस्तावेजों, बिल-इनवॉइस और स्टॉक रिकॉर्ड की गहन जांच की है। जांच में टैक्स भुगतान और इनपुट टैक्स क्रेडिट से जुड़ी भारी अनियमितताएं सामने आई हैं।

सूत्रों के अनुसार, टीम को कंपनी में कोई स्टॉक संधारित रिकॉर्ड नहीं मिला है। दस्तावेजों की जांच के दौरान पांच वर्षों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। सोमवार शाम से शुरू हुई कार्रवाई में सात से आठ अधिकारियों की टीम ने अलग-अलग वाहनों से कंपनी पहुंचकर परिसर को अपने नियंत्रण में लिया था। जांच अभी भी जारी है और देर रात तक चल रही है।

कंपनी के डायरेक्टर संदीप अग्रवाल, भगवान दास अग्रवाल और संतोष अग्रवाल हैं। जांच के दौरान जब अधिकारियों ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया, तो उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी कारण बताकर पूछताछ से दूरी बना ली।

इस बीच कंपनी प्रबंधन ने उत्पादन बंद कर दिया है और केवल मेंटेनेंस कार्य कराए जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि छापेमारी के कारण प्रोडक्शन रुका हुआ है। कुछ पक्षों से जांच टीम पर कार्रवाई के चलते कंपनी प्रभावित होने का आरोप भी लगाया जा रहा है।

जीएसटी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद नियमों के उल्लंघन की स्थिति में उचित कार्रवाई की जाएगी। यह मामला टैक्स चोरी और अनियमितताओं की जांच से जुड़ा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *