CGMSC घोटाला: EOW की बड़ी कार्रवाई, डायसिस इंडिया के मार्केटिंग हेड कुंजल शर्मा गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CGMSC) से जुड़े बहुचर्चित घोटाले में ACB और EOW ने एक और अहम गिरफ्तारी की है। नवी मुंबई स्थित डायसिस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मार्केटिंग हेड कुंजल शर्मा को 21 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को विशेष न्यायालय रायपुर में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 27 जनवरी 2026 तक EOW की रिमांड पर भेज दिया है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, कुंजल शर्मा पर आरोप है कि उसने CGMSC के अधिकारियों से मिलीभगत कर मेडिकल उपकरणों में उपयोग होने वाले रिएजेंट्स और कंज्यूमेबल्स की फर्जी MRP तय की। आरोप है कि कंपनी की आंतरिक नीतियों को दरकिनार करते हुए षड्यंत्र के तहत वास्तविक कीमत से कई गुना अधिक दरें दर्शाई गईं और CGMSC को उन्हीं ऊंचे दामों पर खरीद के लिए राजी किया गया।

EOW का कहना है कि इस प्रक्रिया में CGMSC को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने शशांक चोपड़ा को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मेडिकल उपकरणों को MRP से तीन गुना तक अधिक कीमत पर सप्लाई कराया।

ACB और EOW द्वारा इस पूरे मामले में ‘हमर लैब योजना’ के तहत शासकीय धन के दुरुपयोग से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर इस घोटाले में शामिल अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *