रायपुर। नवा रायपुर को सेंट्रल इंडिया के प्रमुख हेल्थकेयर हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में बॉम्बे हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर और नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के बीच 15 एकड़ भूमि के लीज एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए।
यह परियोजना मेडिसिटी विकास की दिशा में मील का पत्थर मानी जा रही है। राज्य सरकार द्वारा 24 सितंबर 2025 को निवेश आमंत्रण जारी किए जाने के बाद महज चार माह के भीतर भूमि चिन्हांकन, सभी आवश्यक स्वीकृतियां और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई, जो राज्य की तेज़ और पारदर्शी प्रशासनिक कार्यप्रणाली को दर्शाती है।
नवा रायपुर विकास प्राधिकरण द्वारा आबंटित 15 एकड़ भूमि पर बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट लगभग 680 करोड़ रुपये की लागत से 300 बिस्तरों का अत्याधुनिक मल्टी सुपर-स्पेशलिटी हॉस्पिटल स्थापित करेगा। यह अस्पताल ट्रस्ट का देश में चौथा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल होगा। इससे पहले मुंबई, इंदौर और जयपुर में ट्रस्ट के अस्पताल सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।

इस अस्पताल में कार्डियक साइंसेज, कैंसर उपचार, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, क्रिटिकल केयर, ऑर्गन ट्रांसप्लांट समेत कई उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके शुरू होने से छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों के मरीजों को गंभीर इलाज के लिए दिल्ली या मुंबई जैसे महानगरों की ओर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
परियोजना से 500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है, जिनमें डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और मेडिकल टेक्नीशियन शामिल होंगे। इसके अलावा हेल्थकेयर से जुड़े सहयोगी क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बॉम्बे हॉस्पिटल की स्थापना से नवा रायपुर में मेडिसिटी का सपना साकार होने की दिशा में निर्णायक कदम उठाया गया है। इससे प्रदेशवासियों को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के निरंतर विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। बॉम्बे हॉस्पिटल जैसे प्रतिष्ठित संस्थान का निवेश राज्य की नीतिगत स्थिरता, तेज़ निर्णय क्षमता और निवेशक-अनुकूल वातावरण पर विश्वास का प्रमाण है।
यह परियोजना छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के तहत स्वास्थ्य जैसे रणनीतिक क्षेत्रों को दिए जा रहे विशेष प्रोत्साहनों और समयबद्ध क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष परिणाम है, जिससे नवा रायपुर को सेंट्रल इंडिया के प्रमुख हेल्थकेयर डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, उद्योग सचिव रजत कुमार, आवास एवं पर्यावरण सचिव अंकित आनंद, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ चंदन कुमार, बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट के चेयरमैन भरत तापड़िया, सचिव श्याम जी सहित शासन और ट्रस्ट के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।