सक्ती। जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष और किसानों के हित में संचालित करने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। अवैध धान खरीदी, बिक्री और परिवहन में लिप्त कोचियों (बिचौलियों) के खिलाफ निर्णायक अभियान शुरू कर दिया गया है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के स्पष्ट एवं सख्त निर्देशों के बाद प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में उतर गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बिचौलियों पर प्रशासन की पैनी नजर
जिला प्रशासन के संज्ञान में आया है कि कुछ कोचिए और बिचौलिये निजी लाभ के लिए किसानों को भ्रमित कर अवैध रूप से धान की खरीदी-बिक्री और परिवहन करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे न केवल शासन की खरीदी व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि पात्र किसानों को उनके हिस्से का लाभ मिलने में भी बाधा उत्पन्न होती है। ऐसे तत्वों की गतिविधियों को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त निगरानी तंत्र लागू कर दिया है। धान खरीदी केंद्रों से जुड़े प्रमुख मार्गों, सीमावर्ती क्षेत्रों और चेक पोस्टों पर पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों को विशेष रूप से तैनात किया गया है।
होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई और FIR
इन संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। परिवहन के दौरान यदि अवैध धान की आवाजाही, फर्जी कागजातों का उपयोग, किसानों के नाम पर धोखाधड़ी या किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि पाई जाती है, तो तत्काल जब्ती और एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने राजस्व, खाद्य, सहकारिता और पुलिस विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर संयुक्त अभियान शुरू किया है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
किसानों के हित में कलेक्टर का स्पष्ट संदेश
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि “शासन की मंशा है कि जिले के हर पात्र किसान का एक-एक दाना धान निर्धारित समर्थन मूल्य पर ही खरीदा जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।” उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धान खरीदी में पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा और किसानों के अधिकारों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील: कंट्रोल रूम में दें सूचना
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के दबाव, लालच या बहकावे में न आएं और केवल अधिकृत खरीदी केंद्रों पर ही अपना धान बेचें। यदि किसी भी स्थान पर कोचियों की संदिग्ध गतिविधि या गड़बड़ी की सूचना मिले, तो तुरंत प्रशासन या कंट्रोल रूम नंबर 07757-233470 पर कॉल करके जानकारी दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। कलेक्टर ने संदेश दिया है कि जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को पूरी तरह व्यवस्थित बनाया जाएगा और अवैध काम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।