ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। दिनदहाड़े कोचिंग से घर लौट रही 20 वर्षीय छात्रा के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय के पास मारपीट कर दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने पहले स्कूटी में जानबूझकर टक्कर मारी, फिर छात्रा को बेहोश कर एक मकान में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र की है। पीड़िता स्टेनोग्राफी की तैयारी के लिए कोचिंग गई थी और दोपहर में स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान दतिया निवासी हर्ष ठाकुर अपने एक साथी के साथ बाइक से आया और उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरोपी ने डंडे से छात्रा के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गई।
इसके बाद दोनों आरोपी बेहोश छात्रा को पास के एक मकान में ले गए, जहां हर्ष ठाकुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब छात्रा ने विरोध किया तो दोबारा मारपीट की गई और सिर पर बोतल मारकर उसे फिर बेहोश कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी छात्रा को उसकी स्कूटी के पास छोड़कर फरार हो गए।
कुछ समय बाद होश में आने पर पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी आपबीती बताई। परिजनों ने तत्काल उसे थाने ले जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हर्ष ठाकुर के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विदिता डागर ने बताया कि पीड़िता और मुख्य आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। वर्ष 2023 में भी छात्रा ने हर्ष के खिलाफ छेड़छाड़ और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था, जो फिलहाल न्यायालय में लंबित है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पुरानी रंजिश या जान-पहचान का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।