जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक गंभीर प्रशासनिक मामला सामने आया है। महिला सहकर्मी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में कृषि विभाग के उप संचालक एल.एम. भगत के खिलाफ चांपा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इस कार्रवाई के बाद विभागीय और प्रशासनिक हलकों में खलबली मच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एल.एम. भगत जांजगीर जिले में कृषि विभाग में उप संचालक के पद पर कार्यरत थे। इसी दौरान विभाग की एक महिला कर्मचारी ने उन पर पद का दुरुपयोग करते हुए लगातार मानसिक दबाव बनाने और शारीरिक रूप से अनुचित आचरण करने के आरोप लगाए हैं। उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पूर्व ही एल.एम. भगत का तबादला जांजगीर से रायगढ़ जिले में किया गया था, जहां वे वर्तमान में पदस्थ हैं।

पीड़िता ने लगभग दो महीने पहले इस संबंध में जांजगीर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत में महिला कर्मचारी ने बताया था कि लंबे समय से हो रहे उत्पीड़न के कारण वह मानसिक तनाव से गुजर रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच समिति का गठन किया।
जांच टीम ने पीड़िता के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य परिस्थितिजन्य तथ्यों की विस्तार से पड़ताल की। जांच के दौरान लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई की अनुशंसा की गई।
जांच रिपोर्ट के बाद दर्ज हुई एफआईआर
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विजय पांडे ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर चांपा थाना में उप संचालक एल.एम. भगत के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी अधिकारी फिलहाल रायगढ़ जिले में पदस्थ हैं और मामले की विवेचना जारी है। जिला प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।