रायपुर। SIR प्रक्रिया के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन और वोटरों के नाम काटे जाने के आरोपों पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि किसी के लिए यह संभव नहीं है कि वह मनमाने ढंग से किसी का नाम मतदाता सूची से कटवा दे या जुड़वा दे। कांग्रेस तथ्यों को गलत तरीके से पेश कर रही है और राजनीति के लिए अनावश्यक बयानबाजी कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग घुसपैठिए हैं और जिनके नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, वे बाहर से आए हैं। ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं और उनका नाम कटना भी चाहिए। कांग्रेस के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि जब कोई तार्किक आधार ही नहीं है, तो प्रदर्शन का कोई औचित्य नहीं है।
वहीं साय सरकार की बैठक में रायपुर जिले में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने की संभावनाओं पर भी उपमुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पहले ही एक बैठक में पूरे जिले में कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया था। इसे समूचे जिले के दृष्टिकोण से देखा और विचार किया जा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री जल्द ही अंतिम निर्णय करेंगे।
राजधानी में 9 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में आरोपी के अवैध मकान पर रायपुर नगर निगम द्वारा बुलडोजर चलाए जाने को लेकर भी उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई कानून के दायरे में की गई है। न्यायालय का काम निर्णय देना है, जबकि अवैध गतिविधियों और संपत्तियों पर कार्रवाई प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने इसे न्यायसंगत और उचित कार्रवाई बताया।