अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के खेल इतिहास में आज एक सुनहरा अध्याय जुड़ गया है। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय (SGGV) की महिला बास्केटबॉल टीम ने ईस्ट ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में अपने विजय रथ को आगे बढ़ाते हुए पहली बार ‘ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबॉल चैंपियनशिप’ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह पहला मौका है जब इस विश्वविद्यालय की टीम राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में अपना दमखम दिखाएगी। इस ऐतिहासिक सफलता में सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ की बेटियों की कड़ी मेहनत और लगन का बड़ा हाथ है।
मैदान पर दिखा ‘सरगुजा की शेरनियों’ का दबदबा
प्रतियोगिता के दौरान सरगुजा की टीम ने एक के बाद एक कई राज्यों की बड़ी टीमों को धूल चटाई। तकनीकी कोच रजत सिंह ने बताया कि टीम ने अपने पहले ही मुकाबले में सिक्किम मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी को 50-04 के भारी अंतर से हराकर अपनी ताकत का अहसास करा दिया था। इसके बाद दूसरे मैच में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय (पटना) को 45-05 से और फिर दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय (गोरखपुर) को 55-35 के स्कोर से शिकस्त देकर अपनी पकड़ मजबूत की।

क्वालीफाइंग मैच में उत्कल यूनिवर्सिटी को दी मात
सबसे अहम क्वालीफाइंग मुकाबला उत्कल यूनिवर्सिटी (भुवनेश्वर) के साथ खेला गया। इस रोमांचक मैच में संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय की बेटियों ने शानदार तालमेल दिखाते हुए भुवनेश्वर की टीम को 53-30 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही टीम ने ऑल इंडिया चैंपियनशिप का टिकट पक्का कर लिया। टीम के साथ कोच रजत सिंह, एस.एस. अली और राधा खलखो मार्गदर्शक के रूप में मौजूद रहे।
इन खिलाड़ियों ने रोशन किया जिले का नाम
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ की ये खिलाड़ी पहले भी राज्य स्तर पर विजेता रह चुकी हैं। टीम की इस जीत में प्रज्ञा मिश्रा, रिविका लकड़ा, रिमझिम, साक्षी, प्रिया जयसवाल, सुष्मिता, प्रियंका पैकरा, संसिता, रागिनी, प्रीति, नेहा और आकांक्षा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कोच ने कहा कि यह केवल एक जीत नहीं, बल्कि सरगुजा की बेटियों के संघर्ष और सपनों की एक बड़ी उड़ान है।
जिले में जश्न का माहौल
विश्वविद्यालय की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की खबर मिलते ही सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। संघ परिवार ने पूरी टीम, महाविद्यालय और विश्वविद्यालय प्रबंधन को बधाई दी है। जिले भर में इस जीत को गौरव का क्षण माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में जिले की अन्य बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।