16 फरवरी से शुरू होगा विधानसभा का बजट सत्र, 6 मार्च तक चलेगी कार्यवाही; 20 फरवरी को पेश होगा मोहन सरकार का तीसरा बजट

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 16 फरवरी से आरंभ होकर 6 मार्च तक चलेगा। कुल 19 दिनों की अवधि वाले इस सत्र में 12 बैठकें प्रस्तावित हैं, जबकि सात दिन अवकाश के कारण सदन की कार्यवाही नहीं होगी। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी और 20 फरवरी से पहले राज्य सरकार अपना बजट पेश करेगी।

विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार का तीसरा बजट 16 से 20 फरवरी के बीच प्रस्तुत किया जाएगा। बजट डिप्टी मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा सदन में रखा जाएगा। 16 से 20 फरवरी तक लगातार सदन की कार्यवाही होगी, इसके बाद 23 से 27 फरवरी तक पुनः बैठकें आयोजित की जाएंगी। मार्च माह में अंतिम बैठकें 5 और 6 मार्च को होंगी।

यह सत्र सोलहवीं विधानसभा का नौवां सत्र होगा। पहले दिन राज्यपाल मंगुभाई पटेल सदन को संबोधित करेंगे, जिसमें सरकार की उपलब्धियों और नीतिगत प्राथमिकताओं का उल्लेख होगा। राज्यपाल के अभिभाषण के पश्चात सदन में कृतज्ञता प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी।

इन तारीखों में नहीं बैठेगा सदन
बजट सत्र के दौरान 21, 22 और 28 फरवरी के साथ-साथ 1, 2, 3 और 4 मार्च को सदन की बैठकें नहीं होंगी। वहीं, 20 फरवरी, 27 फरवरी और 6 मार्च को दोपहर 1:30 बजे के बाद अशासकीय कार्यों के लिए समय निर्धारित किया गया है।

स्थगन व अन्य प्रस्तावों की समय-सीमा तय
विधानसभा सचिवालय के अनुसार, अशासकीय विधेयकों की सूचनाएं 4 फरवरी 2026 तक और अशासकीय संकल्पों की सूचनाएं 5 फरवरी 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। स्थगन प्रस्ताव, ध्यानाकर्षण और नियम 267-क के अंतर्गत सूचनाएं 10 फरवरी 2026 से सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कार्यालय समय में ली जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *