35 से ज्यादा एक्टिवा चोरी करने वाला मास्टरमाइंड समेत 21 आरोपी गिरफ्तार, 36 वाहन जब्त…

रायपुर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लगातार एक्टिवा वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की विशेष टीम ने मुख्य आरोपी सहित चोरी की वाहनों को खपाने और क्रय करने वाले कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की कुल 36 नग एक्टिवा वाहन जब्त की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 19 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रोशन रात्रे (निवासी बोरियाकला, मुजगहन) मास्टर चाबी का उपयोग कर रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से एक्टिवा वाहनों की चोरी करता था। चोरी किए गए वाहनों को खपाने के लिए वह अपने परिचित कमल जांगड़े, गितेश कुमार पाटले और मुस्कान रात्रे को देता था। ये तीनों आरोपी चोरी की वाहनों की बिक्री किया करते थे।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर टीम द्वारा लगातार पेट्रोलिंग, तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही घटना स्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।

टीम ने रवि भवन के पार्किंग स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगभग एक सप्ताह तक कैम्प कर एक आरोपी की पहचान की। पतासाजी के बाद रोशन रात्रे को पकड़ा गया। कड़ाई से पूछताछ में उसने सिविल लाइन, डीडी नगर और गोलबाजार थाना क्षेत्रों सहित अलग-अलग इलाकों से करीब 03 दर्जन एक्टिवा वाहनों की चोरी करना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने चोरी की वाहनों को खपाने वाले कमल जांगड़े, गितेश कुमार पाटले और मुस्कान रात्रे को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने चोरी की कुछ वाहनों को स्वयं उपयोग करना और कुछ को गांव के रिश्तेदारों एवं परिचितों को बेचने की जानकारी दी। इसके आधार पर चोरी की वाहन खरीदने वाले 17 अन्य आरोपियों—कुलेश्वर मारकण्डेय, साहिल रात्रे, लोकेश कुमार साहू, भीषम मारकण्डेय, हरीशचंद्र यादव, ओमप्रकाश गायकवाड, धनेश्वर टण्डन, केदार पाटले, अनुप कुमार जांगडे, संजय कुमार, प्रीतम चंदेल, विनोद पाटले, संतोष निर्मलकर, मनोज बघेल, सागर लहरे, इंजमाम बंजारे एवं मोटू बघेल को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने सभी 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 36 नग एक्टिवा वाहन जब्त कर ली हैं। एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट द्वारा वर्ष 2026 के पहले 15 दिनों में ही कुल 44 दोपहिया वाहन जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *