सरकारी रेस्ट हाउस बना ‘अयाशी का अड्डा’: अश्लील डांस और शराब पार्टी के बाद दो अफसर सस्पेंड, रेंजर को नोटिस

सूरजपुर

सूरजपुर : नियमों की उड़ी धज्जियां, रेंजर पर भी गिरी गाज सूरजपुर जिले के कुमली वाटरफॉल स्थित वन विभाग के रेस्ट हाउस से एक शर्मनाक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में सरकारी विश्राम गृह के भीतर बार बालाओं का अश्लील डांस और शराब पार्टी चलती दिखाई दे रही है। जैसे ही यह ‘डर्टी डांस’ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, महकमे में हड़कंप मच गया। इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए वन मंडल अधिकारी (DFO) ने डिप्टी रेंजर रविशंकर तिवारी और वन पाल शैलेश टीना लकड़ा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही रामानुजनगर के तत्कालीन रेंजर आर सी प्रजापति को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

पुराना वीडियो खोल रहा है पोल बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं बल्कि कुछ समय पुराना है, लेकिन इसने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस जगह का इस्तेमाल सरकारी कामकाज और अधिकारियों के ठहरने के लिए होना चाहिए, वहां नियमों को ताक पर रखकर शराब के जाम छलकाए जा रहे थे। गरियाबंद के बाद अब सूरजपुर का यह मामला सामने आने से पूरे प्रदेश में चर्चा छिड़ गई है कि आखिर सरकारी संपत्तियों का इस तरह दुरुपयोग कैसे हो रहा है।

पुलिस करेगी मामले की जांच, FIR की तैयारी सिर्फ निलंबन ही नहीं, अब यह मामला कानूनी पचड़े में भी फंसता नजर आ रहा है। डीएफओ ने इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) को एक पत्र लिखा है। पत्र में वीडियो में दिखाई दे रहे सभी लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। विभाग का मानना है कि इस तरह की हरकतों से सरकारी विभाग की छवि धूमिल हुई है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

अनुशासन पर उठे सवाल सरकारी रेस्ट हाउस में इस तरह की अश्लील पार्टी का आयोजन सुरक्षा और अनुशासन की बड़ी चूक मानी जा रही है। वन विभाग ने तीन अफसरों पर गाज गिराकर यह संदेश देने की कोशिश की है कि ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब पुलिस जांच में यह साफ होगा कि इस पार्टी में और कौन-कौन लोग शामिल थे और क्या इसमें बाहरी लोगों को भी सरकारी सुविधा का फायदा उठाने दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *