2 साल निरंतर सेवा निरंतर विकास : अंबिकापुर में जनसंपर्क विभाग ने मनाया शासन के 2 वर्ष का उत्सव; रंगारंग कार्यक्रमों और क्विज में उमड़ी भीड़

Governance Celebration Ambikapur : हिंगोरा सिंह, अम्बिकापुर। शासन के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क विभाग द्वारा अम्बिकापुर के कला केंद्र मैदान में “2 साल निरंतर सेवा निरंतर विकास“ कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। इस दौरान नृत्य और संगीत के माध्यम से लोगों को न केवल मनोरंजन प्रदान किया गया, बल्कि शासकीय योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। बड़ी संख्या में शहरवासी देर शाम तक इन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने के लिए मैदान में डटे रहे।

Governance Celebration Ambikapur : क्विज और फन एक्टिविटी में विजेताओं को मिले बिहान उत्पाद कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण ओपन माइक और क्विज कॉम्पिटिशन रहा, जहां आमजनों से शासन की विभिन्न योजनाओं पर आधारित सवाल पूछे गए। सही जवाब देने वाले विजेताओं को मौके पर ही पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार के रूप में स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा निर्मित “सरगुज़ा नेचुरल्स” के उत्पादों के कूपन दिए गए। स्टॉल पर लोगों ने बिहान के उत्पादों की जमकर खरीदारी भी की। इस दौरान कई हितग्राहियों ने मंच साझा कर बताया कि कैसे शासन की योजनाओं ने उनके जीवन में बदलाव लाया है।

प्रमुख योजनाओं की मिली जानकारी, रायपुर साहित्य उत्सव के लिए हुआ रजिस्ट्रेशन
कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को महतारी वंदन योजना, श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना, कृषक उन्नति योजना, पीएम सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री बस योजना जैसी जनहितकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। संयुक्त संचालक जनसंपर्क (रायपुर) इस्मत जहां दानी ने नागरिकों को आगामी 23 से 25 जनवरी तक आयोजित होने वाले ‘रायपुर साहित्य उत्सव’ के बारे में जानकारी दी, जिसे लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखा और कई नागरिकों ने मौके पर ही रजिस्ट्रेशन कराया।

जनसंपर्क विभाग की सक्रियता
कार्यक्रम के दौरान जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘जनमन’ का वितरण भी किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सहायक संचालक जनसम्पर्क विभाग सरगुज़ा अजीत एक्का, सहायक सूचना अधिकारी मेघा यादव, जिला मिशन प्रबंधक एनआरएलएम नीरज नामदेव सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *