बस्तर पंडुम 2026 का शुभारंभ 10 जनवरी से, संभाग स्तर तक चलेगी 12 विधाओं की प्रतियोगिता

जगदलपुर। बस्तर संभाग में जनजातीय लोक कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने के लिए आयोजित बस्तर पंडुम 2026 का शुभारंभ शनिवार 10 जनवरी से हो रहा है। इस महोत्सव के अंतर्गत बस्तर संभाग के सभी जिलों में 12 विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम चरणबद्ध रूप से निम्नानुसार है:

  • प्रथम चरण (जनपद स्तरीय): 10 जनवरी से 20 जनवरी 2026
  • द्वितीय चरण (जिला स्तरीय): 24 जनवरी से 29 जनवरी 2026
  • अंतिम चरण (संभाग स्तरीय): 2 फरवरी से 6 फरवरी 2026 (जगदलपुर में)

बस्तर पंडुम में केवल बस्तर संभाग के मूल निवासी तथा जनजातीय लोक कला विधाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहे प्रतिभागी ही भाग ले सकेंगे। प्रत्येक चरण में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार तथा प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि 2 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दंतेवाड़ा में बस्तर पंडुम 2026 के लोगो, थीम तथा गीत का विमोचन किया था। इसके अतिरिक्त दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी प्रदान किया था।

बस्तर पंडुम 2026 का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति तथा परंपराओं को संरक्षित करते हुए नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *