इंस्टाग्राम मैसेज बना मौत की वजह: पति ने पत्नी की हत्या कर आत्महत्या दिखाने की रची साजिश…

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। सोशल मीडिया पर आए एक मैसेज ने पति-पत्नी के रिश्ते को इस कदर बिगाड़ दिया कि मामला हत्या तक जा पहुंचा। एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत लकड़ापारा में पति ने पत्नी की जान ले ली और फिर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, लकड़ापारा निवासी देवनारायण और उसकी पत्नी रवीना के बीच इंस्टाग्राम पर किसी व्यक्ति से बातचीत को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पति का आरोप था कि रवीना सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहती थी। उसने कई बार पत्नी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।

घटना वाले दिन इसी मुद्दे पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर देवनारायण ने रवीना को धक्का दे दिया, जिससे उसका सिर पास में रखी चारपाई से जा टकराया। सिर में गंभीर चोट लगने से रवीना बेहोश होकर गिर पड़ी और नाक से खून बहने लगा। पति को लगा कि उसकी मौत हो चुकी है।

इसके बाद आरोपी ने वारदात को छिपाने के इरादे से रवीना के शव को गमछे से फंदा बनाकर पंखे से लटका दिया और घर से बाहर निकल गया। परिजनों ने जब शव को फंदे पर लटका देखा तो शुरू में इसे आत्महत्या माना गया।

हालांकि, खड़गवां पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर की अंदरूनी हड्डी टूटने की पुष्टि हुई, जिससे फांसी से मौत की आशंका पूरी तरह खारिज हो गई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने देवनारायण को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह घटना एक बार फिर बताती है कि सोशल मीडिया से जुड़े विवाद किस तरह घरेलू हिंसा और खौफनाक अपराध का कारण बन सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *