रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अधिकांश जिलों में रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है। प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 5 डिग्री कम है। मैदानी क्षेत्रों में रायपुर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 7 डिग्री तक गिर गया। दुर्ग में 7 डिग्री और पेंड्रा रोड में 7.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रहा, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इस बीच मौसम विभाग ने 17 जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट और 15 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। दोनों अलर्ट के साथ स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दी गई है।
कड़ाके की ठंड और शीतलहर के कारण सरगुजा जिले में पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए 10 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। हालांकि सभी शैक्षणिक और अन्य स्टाफ को स्कूल पहुंचना अनिवार्य होगा।
अंबिकापुर में ठंड से दूसरी मौत की खबर सामने आई है। अंबिकापुर से सटे श्रीगढ़ में नए साल की रात एक बुजुर्ग की ठंड से मौत हो गई। कम कपड़ों में खुले में सोने से वे हाइपोथर्मिया की चपेट में आ गए और उनका शव पैरावट में अकड़ा हुआ मिला। इससे पहले 11 दिसंबर की रात अंबिकापुर बस स्टैंड पर खुले में सोए एक व्यक्ति की भी ठंड से मौत हुई थी।