कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा नगर बस्ती में अलाव तापते समय एक महिला के कपड़ों में आग लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। महिला को बचाने के प्रयास में एक युवक भी आग की चपेट में आ गया। दोनों को उपचार के लिए शासकीय रानी धनराज कुंवर उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें निजी अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय रूबी देवी अपने घर के पास कुछ लोगों के साथ अलाव ताप रही थीं। इसी दौरान वह फूलबाई नामक महिला से बातचीत करते हुए पीछे की ओर हटीं, तभी अचानक उनके कपड़ों में आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने कंबल और पानी की मदद से आग पर काबू पाया।
महिला को बचाने के दौरान जगदीश कुमार नामक युवक भी झुलस गया। जगदीश ने बताया कि वह कुछ दूरी पर खड़ा था और आग लगते ही तुरंत कंबल लेकर महिला की ओर दौड़ा। आग बुझाने के प्रयास में उसके हाथ झुलस गए।
रूबी देवी के पति लक्ष्मण कुमार ने बताया कि घटना के समय वह काम से बाहर थे। सूचना मिलने पर वे तत्काल अस्पताल पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी पत्नी को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।