
रायपुर। राजधानी रायपुर और उसके आसपास के इलाकों में सड़क हादसों की बढ़ती घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। इसी कड़ी में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवापारा–अभनपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस काफी तेज गति में थी और सामने से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मारते हुए उसे कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक संतुलन खोकर बस के नीचे आ गया। बताया जा रहा है कि युवक ने हेलमेट पहन रखा था, इसके बावजूद बस का पहिया सिर के ऊपर से गुजरने से उसकी मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और सख्त यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की है। फिलहाल मृतक की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।