रायपुर। विधानसभा थाना इलाके में स्थित रामा वर्ल्ड परिसर से एक युवक की संदिग्ध हालत में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शुभम राणा, निवासी देवघर (झारखंड) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि शुभम राणा स्वर्णभूमि कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान में कारपेंटरी का काम करता था। वह बीती रात करीब 11 बजे से अपने कमरे से लापता था। सुबह जब उसके साथी उठे तो उन्होंने उसकी क्षत-विक्षत लाश देखी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले को पूरी तरह संदिग्ध माना जा रहा है। इधर, झारखंड से रायपुर पहुंचे परिजनों ने शुभम की हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।