रायपुर। लंबे समय से निष्क्रिय पड़े छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुषांगिक संगठन महिला कांग्रेस को दोबारा सक्रिय करने की दिशा में कांग्रेस आलाकमान ने ठोस पहल शुरू कर दी है। इसी कड़ी में AICC जल्द ही छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकती है।


मिली जानकारी के अनुसार नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर आज नई दिल्ली में साक्षात्कार आयोजित किए जा रहे हैं। इन इंटरव्यू में भारतीय राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा स्वयं मौजूद रहेंगी। दिल्ली आलाकमान ने प्रदेश से कुल पांच महिला नेताओं को साक्षात्कार के लिए बुलाया है, जिनमें कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा और पूर्व विधायक चन्नी साहू के नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक विधायक संगीता सिन्हा को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खेमे का समर्थन प्राप्त है, जबकि चन्नी साहू को वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंहदेव गुट का करीबी माना जा रहा है। ऐसे में महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद का चयन संगठन के अंदरूनी समीकरणों के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि नए अध्यक्ष का चयन इन्हीं दोनों प्रमुख खेमों में से किसी एक के समर्थन से तय हो सकता है। हालांकि अंतिम फैसला संगठनात्मक अनुभव, जमीनी सक्रियता, महिला कार्यकर्ताओं के बीच पकड़ और आगामी चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए लिया जाएगा। चयन की पूरी जिम्मेदारी राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा सहित राष्ट्रीय नेताओं के पैनल को सौंपी गई है।

दिल्ली में चल रही इस कवायद को छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की भूमिका के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि महिला कांग्रेस को नए नेतृत्व के जरिए दोबारा मजबूत कर आने वाले निकाय और पंचायत चुनावों में पार्टी को धार देने की तैयारी है।