रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय दिल्ली दौरे से देर रात रायपुर लौटे। रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने अपने दौरे की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि दिल्ली प्रवास के दौरान उनकी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सहित कई केंद्रीय नेताओं से मुलाकात हुई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बस्तर पंडुम कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया, जिसे राष्ट्रपति ने सहर्ष स्वीकार किया। उन्होंने इसे राज्य के लिए गौरव का विषय बताया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया और राष्ट्रीय ट्राइबल गेम्स की मेजबानी का अवसर मिलना राज्य के लिए सौभाग्य की बात है।
दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय ने भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से भी मुलाकात की और उन्हें उनके नए दायित्व के लिए बधाई दी।
नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 31 मार्च तक देश से नक्सलवाद को समाप्त करने का संकल्प लिया है। इस दिशा में छत्तीसगढ़ पूरी मजबूती के साथ नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय नेतृत्व का यह संकल्प निश्चित रूप से पूरा होगा।