इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में सामने आए बहुचर्चित दूषित पानी मामले के बाद जिला प्रशासन ने भागीरथपुरा क्षेत्र में रिंग सर्वे शुरू कर दिया है। प्रभावित इलाके में चिन्हित हॉटस्पॉट के आसपास के 50 घरों का विशेष सर्वे किया जा रहा है। इस बीच विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार और खासतौर पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर तीखा हमला बोला है।

प्रशासन के अनुसार अब तक 3,679 घरों का सर्वे पूरा किया जा चुका है। रिंग सर्वे के लिए 20 टीमें क्षेत्र में तैनात की गई हैं। फिलहाल अस्पताल में 203 मरीज भर्ती हैं, जिनमें से 25 की हालत गंभीर होने पर आईसीयू में इलाज जारी है। इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने भागीरथपुरा पहुंचकर टैंकर से सप्लाई किए जा रहे पानी को स्वयं पीकर उसकी गुणवत्ता का जायजा लिया। नगर निगम पूरे इलाके में टैंकरों के जरिए पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में जुटा है।
वहीं युवक कांग्रेस ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग को लेकर शहर के विभिन्न चौराहों पर पोस्टर लगाए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण यह स्थिति बनी, जिसके चलते लोगों की जान गई। मंत्री के बयानों को लेकर भी पार्टी ने विरोध दर्ज कराया है।