खंडवा। ओंकारेश्वर बांध परियोजना से अचानक छोड़े गए पानी के चलते मोरटक्का क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे पुल का अस्थायी एप्रोच तेज बहाव में बह गया। इस घटना के दौरान पुल निर्माण में लगे 10 मजदूर नर्मदा नदी के बीच फंस गए।
एप्रोच का लगभग आधा हिस्सा टूटकर बह जाने के कारण मजदूरों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहत टीम ने नाव के जरिए सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर खेड़ीघाट पहुंचाया।
निर्माण कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि एप्रोच सड़क के बिना नदी के भीतर कार्य करना संभव नहीं होता। भारी मशीनों और मजदूरों की सुरक्षित आवाजाही के लिए अस्थायी एप्रोच बनाया जाता है, लेकिन नर्मदा में पानी का तेज प्रवाह होने पर यह टिक नहीं पाता और बह जाता है।