शूटिंग में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक वापसी: प्रांजु सोमानी ने नेशनल चैंपियनशिप में जीते 4 पदक, 25 साल बाद रचा इतिहास

छत्तीसगढ़ की उभरती हुई निशानेबाज़ प्रांजु सोमानी ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करते हुए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। भोपाल में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में प्रांजु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल चार पदक अपने नाम किए और 25 वर्षों बाद छत्तीसगढ़ को नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में पदक दिलाने का सूखा खत्म किया।

प्रांजु ने 10 मीटर एयर राइफल प्रतियोगिता में 632.5 अंक का बेहतरीन स्कोर हासिल किया, जो सिविलियन कैटेगरी में नेशनल रिकॉर्ड भी है। वह नेशनल स्तर पर छत्तीसगढ़ को पदक दिलाने वाली प्रदेश की पहली महिला निशानेबाज़ भी बन गई हैं।

चार अलग-अलग कैटेगरी में पदक

प्रांजु सोमानी ने विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए—

  • सीनियर कैटेगरी (10 मीटर एयर राइफल) में ब्रॉन्ज मेडल
  • सब-यूथ कैटेगरी में सिल्वर मेडल
  • सिविलियन सीनियर कैटेगरी में गोल्ड मेडल
  • सिविलियन जूनियर कैटेगरी में गोल्ड मेडल

अपने नाम किए।

अकादमी से नेशनल रिकॉर्ड तक

प्रांजु रायपुर के सुभाष स्टेडियम स्थित शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। अपनी इस बड़ी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता और कोच गोपाल दुबे को दिया है, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।

खेल विशेषज्ञों का मानना है कि प्रांजु की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ में शूटिंग खेल के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी और आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों को प्रेरणा देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *