सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से नाबालिग के अपहरण, दुष्कर्म तथा जबरन धर्मांतरण के संगीन आरोपों में पास्टर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी पास्टर ने प्रभाव और प्रलोभन का उपयोग कर पूरे परिवार का मतांतरण कराया तथा क्रिसमस के दौरान नाबालिग के अपहरण में सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रतापपुर थाना क्षेत्र में दर्ज मामले की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी पास्टर राजकुमार अपने घर जाकर लोगों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाता था। उसके साथ पत्नी लोगों को प्रलोभन देकर जबरन मतांतरण कराती थी। क्रिसमस के दिन नाबालिग का अपहरण करने की साजिश में आरोपियों की संलिप्तता सिद्ध हुई। पीड़िता के साथ दुष्कर्म की पुष्टि भी हुई है। आरोपी राजकुमार के खिलाफ राजपुर थाने में पहले से नाबालिग अपहरण का मामला दर्ज है।
प्रतापपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पास्टर राजकुमार, उसकी पत्नी तथा एक अन्य आरोपी (पिता-पुत्र) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस गहन जांच जारी रखे हुए है।