उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में शिकारी के जाल से तेंदुए का सफल रेस्क्यू, सात दिन से था घायल



गरियाबंद। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के तौरेंगा वन परिक्षेत्र में एक तेंदुआ शिकारियों के जाल में फंस गया। जाल में फंसने के बाद तेंदुआ गंभीर रूप से घायल होकर दहाड़ रहा था। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को वन विभाग को सूचना मिली कि तौरेंगा क्षेत्र के ग्राम कोकोड़ी में एक तेंदुआ बस्ती के बेहद करीब झाड़ियों में छिपा हुआ है। तत्काल सहायक संचालक उदंती (मैनपुर) गोपाल कश्यप ने ड्रोन और एंटी पोचिंग टीम को मौके पर बुलाया। ड्रोन सर्वे के दौरान तेंदुए के गले पर गहरा घाव नजर आया और वह गंभीर रूप से घायल पाया गया।

जंगल सफारी की टीम के पहुंचने से पहले अंधेरा होने की आशंका को देखते हुए एसडीओ गोपाल कश्यप ने जोखिम उठाते हुए स्वयं रेस्क्यू अभियान संभाला। उन्होंने रस्सी के जाल में फंसे तेंदुए को पकड़कर बाहर निकाला। इस दौरान तेंदुए ने उन पर हमला भी किया। रेस्क्यू के बाद तेंदुए को गजराज वाहन में रखे पिंजरे में सुरक्षित कर आबादी से दूर तौरेंगा रेस्ट हाउस लाया गया।

रात करीब 8 बजे जंगल सफारी के डॉक्टर जय किशोर जडिया, सहायक रमाकांत और उनकी टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए को बेहोश कर उसके गले में फंसे दोनों तार वाले फंदे निकाले गए और ड्रिप चढ़ाकर उपचार किया गया, जिससे उसकी हालत में सुधार हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि तेंदुआ करीब चार वर्ष का नर है, जिसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।

जांच में सामने आया कि तेंदुए के गले में दो तार वाले फंदे करीब सात दिनों से फंसे थे, जिससे उसका दम घुटने की स्थिति बन गई थी। इसी कारण वह आसान शिकार की तलाश में आबादी क्षेत्र की ओर आ गया था। तेंदुए को सुबह चार बजे गजराज रेस्क्यू वाहन से जंगल सफारी के अस्पताल लाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। स्वस्थ होने के बाद उसे पुनः उदंती के जंगल में छोड़ा जाएगा।

वन विभाग ने अज्ञात शिकारियों की तलाश के लिए इनाम घोषित किया है। तेंदुए के शिकार में संलिप्त आरोपियों की जानकारी देने वालों को 5 हजार से 10 हजार रुपए तक का गोपनीय पुरस्कार दिया जाएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *