रायपुर। पिछले चौबीस घंटे में पड़ी कड़ाके की ठंड ने रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ को ठिठुरा दिया है। सरगुजा संभाग में शीतलहर का असर सबसे अधिक देखा जा रहा है, वहीं माना क्षेत्र में इस बार रिकॉर्ड तोड़ ठंड दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्य का न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है, जिससे पूरा प्रदेश ठंड की चपेट में है। सरगुजा से लेकर बस्तर संभाग तक तेज ठंड का असर बना हुआ है।
सरगुजा संभाग के मैनपाट, तारबहार और बलरामपुर क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड के साथ बर्फ जमने जैसी स्थिति बन रही है। वहीं बिलासपुर से लेकर रायपुर तक रात के समय ठंड ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी है। बीते चौबीस घंटे में माना का न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम होकर 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लालपुर में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो सकती है। रविवार से शीतलहर के प्रभाव में कमी आने की संभावना है। आगामी तीन दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने का अनुमान जताया गया है।
राजधानी रायपुर में आज सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।