नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo ने अपने परिचालन को तेजी से सामान्य किया है। कंपनी ने रविवार को 1650 से अधिक उड़ानें संचालित कीं, जबकि शुक्रवार को यह संख्या 1500 थी। 138 में से 137 गंतव्य पूरी तरह चालू हो चुके हैं तथा ऑन-टाइम परफॉर्मेंस 30% से बढ़कर 75% हो गई है।
यात्रियों को राहत देते हुए IndiGo ने 15 दिसंबर तक सभी प्रभावित उड़ानों के कैंसिलेशन या री-शेड्यूल पर पूरा शुल्क माफ रखने की घोषणा की है। अब तक 610 करोड़ रुपये के रिफंड जारी किए जा चुके हैं। अलग हुए सामान में से 3000 से अधिक बैग यात्री तक पहुंचाए गए हैं तथा शेष 48 घंटे के अंदर लौटाने का निर्देश दिया गया है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय की सख्ती के बाद किराया वृद्धि पर तुरंत अंकुश लगा। मंत्रालय ने सभी घरेलू एयरलाइंस के लिए किराया सीमा तय की, जिससे सभी रूटों पर किराया सामान्य स्तर पर लौट आया। मंत्रालय ने IndiGo को सभी रद्द एवं विलंबित उड़ानों का रिफंड शनिवार शाम 8 बजे तक पूरा करने का सख्त निर्देश दिया था।
देश के प्रमुख हवाई अड्डों दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, अहमदाबाद और गोवा पर परिचालन पूरी तरह सामान्य है। चेक-इन, सिक्योरिटी चेक और बोर्डिंग क्षेत्रों पर कोई भीड़ नहीं है। एयरपोर्ट ऑपरेटर्स तथा CISF ने अतिरिक्त ग्राउंड स्टाफ तैनात किया है।
बाकी सभी घरेलू एयरलाइंस सामान्य रूप से उड़ानें संचालित कर रही हैं। मंत्रालय स्थिति पर निरंतर निगरानी रखे हुए है।