नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेत में काम करते समय एक किसान के बेटे की रोटावेटर में फंसने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजन सदमे में हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना गोटेगांव थाना क्षेत्र के झांसीघाट गांव की है। जानकारी के अनुसार, किसान राजकुमार श्रीपाल का 18 वर्षीय बेटा रोहित खेत में ट्रैक्टर से रोटावेटर चला रहा था। इसी दौरान वह अचानक मशीन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और रोहित को अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर इंदर सिंह ने बताया कि रोहित खेत में ट्रैक्टर से रोटरी कार्य कर रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव में इस हादसे के बाद शोक की लहर है। परिजन अपने इकलौते बेटे की मौत से व्यथित हैं और घर में मातम का माहौल है।