बिलासपुर की सिविल लाइन पुलिस ने कुख्यात हिस्ट्रीशीटर कपिल त्रिपाठी को अवैध वसूली और कर्जा एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। वह अपने भाई संजू त्रिपाठी की हत्या के मामले में जमानत पर बाहर था। न्यायालय के आदेश पर उसे पुनः जेल भेज दिया गया।
शिकायत और लगातार धमकियां
रायपुर के कचना निवासी सुमित सिन्हा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि कुछ वर्ष पूर्व उसने कपिल त्रिपाठी से उधार लिया था। इसके बाद कपिल ने मनमाना ब्याज लगाकर प्रतिदिन के हिसाब से रकम वसूलना शुरू कर दिया। लगातार वसूली और धमकियों से तंग आकर सुमित 2021 में बिलासपुर छोड़कर रायपुर चला गया, लेकिन वहां भी उसका पीछा नहीं छोड़ा गया।
जेल से भी जारी रही वसूली
पीड़ित के अनुसार जब कपिल जेल में था तब उसका साथी अनिमेश शुक्ला फोन करके छह लाख रुपये की मांग करने लगा और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण सुमित ने तुरंत थाने में शिकायत की जिसके बाद पुलिस ने अनिमेश शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया।
जमानत के बाद तत्काल कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि उस समय कपिल भाई की हत्या के मामले में जेल में था इसलिए उसकी गिरफ्तारी की अनुमति नहीं मिली थी। जमानत पर रिहा होते ही सिविल लाइन पुलिस ने उसे अवैध वसूली और कर्जा एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेजने का आदेश दिया गया।