भोपाल। मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित अंजुमन इस्लामिया स्कूल में रविवार की बजाय शुक्रवार को छुट्टी दिए जाने का मामला सियासी विवाद का कारण बन गया है। इस निर्णय को लेकर भाजपा ने स्कूल प्रबंधन पर हमला बोला है, जबकि कांग्रेस ने इसका बचाव किया है।
सरकार करेगी जांच
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था, लेकिन वह कलेक्टर से जानकारी लेंगे। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ है तो यह गलत है और इस पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा का आरोप, संविधान का उल्लंघन
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस कदम को नियमों के विपरीत बताया। उन्होंने कहा कि निजी स्कूल होने का मतलब यह नहीं कि कोई अपनी मर्जी से छुट्टी तय करे। छुट्टी का निर्धारण स्कूल शिक्षा विभाग करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्कूल ने निर्णय वापस नहीं लिया तो मान्यता रद्द की जा सकती है और प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
कांग्रेस ने किया पलटवार
कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भाजपा के विरोध को अनावश्यक बताया। उन्होंने कहा कि हर धर्म अपने धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चलता है। यदि किसी समुदाय को शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के लिए अवकाश की आवश्यकता लगती है तो इसमें आपत्ति का कोई कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि संविधान में कहीं यह निर्धारित नहीं है कि केवल रविवार को ही छुट्टी होगी। भाजपा को हर मुद्दे को धर्म से जोड़ने के बजाय शिक्षा के सुधार पर ध्यान देना चाहिए।
स्कूल ने स्पष्टीकरण दिया
विवाद बढ़ने के बाद अंजुमन इस्लामिया इंग्लिश मीडियम स्कूल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि अब से विद्यालय रविवार को नियमित रूप से संचालित रहेगा और छुट्टी उसी दिन रहेगी।
 
	
 
											 
											 
											 
											