मंत्रालय में आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली 1 दिसंबर से लागू, 7 नवंबर तक कराना होगा पंजीकरण

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (अधीक्षण शाखा) ने मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आधार सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली (Aadhaar Enabled Biometric Attendance System – AEBAS) लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह प्रणाली आगामी 1 दिसंबर 2025 से पूर्ण रूप से प्रभावशील होगी।

सामान्य प्रशासन विभाग ने मंत्रालय के सभी विभागों के भारसाधक सचिवों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी 7 नवंबर 2025 तक AEBAS पोर्टल पर स्व-पंजीकरण (Self Registration) की प्रक्रिया पूरी करें।

विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह प्रणाली मंत्रालय में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए अनिवार्य रूप से लागू की जाएगी। इसके लिए कर्मचारी विभागीय पोर्टल https://cggad.attendance.gov.in पर जाकर User/Employee Registration अनुभाग में आवश्यक विवरण भर सकते हैं।

पंजीकरण के दौरान कर्मचारियों को नाम, जन्म तिथि, लिंग, आधार संख्या या वर्चुअल आईडी, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, संगठन का नाम, पदनाम, कार्यालय स्थान, कर्मचारी कोड (यदि उपलब्ध हो) और पासपोर्ट आकार का फोटो अपलोड करना होगा।

स्व-पंजीकरण के समय कर्मचारियों को अपनी इकाई का चयन भी करना होगा। जैसे—
भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी: GAD-2 (IAS Establishment)
विधि विभाग के सेवक: Law Department (Mantralaya)
संसदीय कार्य विभाग के सेवक: Parliamentary Affairs Department (Mantralaya)
मंत्रालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी: GAD-10
मंत्रालयीन सेवा एवं अन्य शासकीय सेवक: GAD-8

विभाग ने स्पष्ट किया है कि पंजीकरण के बाद अधिकारी और कर्मचारी उपस्थिति दर्ज करने के लिए AadhaarFaceRD (UIDAI) और AadhaarBAS (NIC) मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग कर सकेंगे।

तकनीकी सहायता के लिए कर्मचारी सामान्य प्रशासन विभाग के पीयूष दुबे (मो. 7987582401) से संपर्क कर सकते हैं।

विभाग ने सभी विभागीय सचिवों से आग्रह किया है कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दें, ताकि 1 दिसंबर से मंत्रालय में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली का संचालन सुचारू रूप से प्रारंभ किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *