रायपुर में सफाईकर्मियों की हड़ताल समाप्त, मांगों को लेकर दिसंबर तक अल्टीमेटम

रायपुर, 16 अक्टूबर 2025। रायपुर में शहर की सफाई व्यवस्था को ठप कर देने वाली सफाईकर्मियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। कर्मचारी अब कल से अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौटेंगे। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर रामकी ग्रुप को दिसंबर 2025 तक का अल्टीमेटम दिया है। सफाईकर्मियों का कहना है कि अगर तय समय-सीमा तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे दोबारा हड़ताल पर जाएंगे।

16 अक्टूबर को कर्मचारी कंपनी के दो डिपो में ताले लगाकर सीधे दलदल सिवनी डंपिंग यार्ड पहुंचे थे। उनका आरोप था कि उन्हें कई महीने से वेतन नहीं मिला और कंपनी के सुपरवाइजर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। कर्मचारी “न्याय दो” की तख्ती लेकर हड़ताल पर बैठे थे।

सफाईकर्मियों का कहना है कि इससे पहले भी उनकी मांगों को लेकर हड़ताल हुई थी, उस समय कंपनी ने वेतन और काम के माहौल सुधारने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक किसी मांग पर अमल नहीं हुआ।

इस हड़ताल का सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ा था। कई इलाकों में कचरा नहीं उठाया गया, जिससे आम लोगों को परेशानी हुई। शहर की सफाई का जिम्मा रामकी ग्रुप के पास है और अब प्रशासन और कंपनी दोनों की निगाहें इस अल्टीमेटम पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *