मानसून का कहर: जयपुर में रावण के पुतले डूबे, देखे वीडियो

जयपुर। मंगलवार को हुई बारिश ने दशहरे की तैयारियों पर पानी फेर दिया। शहर की सड़कों किनारे रखे रावण के पुतले जलभराव में डूब गए। महीनों से कड़ी मेहनत कर इन्हें बनाने वाले कारीगरों को लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ा। देशभर से मानसून मंगलवार को खत्म हो गया, लेकिन बारिश का दौर जारी है। राजस्थान में बुधवार को तेज बारिश का अलर्ट है। कल जयपुर, सीकर सहित कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। जयपुर में 2 घंटे की बारिश से सड़कें तालाब बन गईं।

जयपुर के इलाकों में 2 से 3 फीट पानी भर गया। दशहरा पर रावण दहन के लिए तैयार पुतले भी पानी में बहते दिखे। कोटा में 221 फीट ऊंचा रावण का पुतला भीग गया। दावा है कि यह दुनिया का सबसे ऊंचा रावण का पुतला है। मौसम विभाग ने राजस्थान में दशहरे के दिन, 2 अक्टूबर को भी तेज बरसात की आशंका जताई है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि इस साल देश में मानसून सीजन (जून से सितंबर तक) में सामान्य से 8% ज्यादा बारिश हुई है। भारत में चार महीने के दौरान 868.6mm बारिश होती है। इस साल 937.2mm वर्षा दर्ज की गई।

मौसम से जुड़ी घटनाओं में 1520 लोगों की मौत हुई। कुल मौतों में से 935 बाढ़ और भारी बारिश से हुईं, जबकि 570 लोग बिजली गिरने और आंधी-तूफान में मारे गए। मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा 290 मौतें दर्ज की गईं।

IMD ने बताया कि बारिश का दौर अक्टूबर से दिसंबर तक जारी रहेगा। अक्टूबर में सामान्य से 15% ज्यादा बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक में भी मानसून के बाद सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *