रायपुर। पूर्व गृह मंत्री कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को हटाने की मांग को लेकर 4 अक्टूबर को मुख्यमंत्री निवास के सामने धरना-प्रदर्शन की घोषणा की है। इसके लिए उन्होंने रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह को पत्र लिखकर अनुमति मांगी है। कंवर ने पहले भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को इस संबंध में पत्र लिखा था।
कंवर ने रायपुर कलेक्टर को लिखे पत्र में कहा कि कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत के खिलाफ जनता की नाराजगी को देखते हुए उन्होंने 14 बिंदुओं पर शिकायतें दर्ज की हैं, जो मुख्यमंत्री और कई मंत्रियों के समक्ष रखी गईं। हालांकि, कोई जांच नहीं होने से वे धरने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय में कुछ आईएएस अधिकारी सरकार को नियंत्रित कर रहे हैं और भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने के लिए मुख्यमंत्री को सही जानकारी नहीं दी जा रही। कंवर ने बताया कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में भी उन्होंने बड़े घोटालों की शिकायत की थी, जिनकी जांच में उनके दावे सही पाए गए।
कंवर ने पत्र में आगे कहा कि जब उनके जैसे वरिष्ठ नेता की शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही, तो अन्य जनप्रतिनिधियों की शिकायतों का क्या हाल होगा। उन्होंने कोरबा कलेक्टर के भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने में बड़े अधिकारियों की भूमिका को लोकतंत्र के लिए हानिकारक बताया। इसीलिए वे 4 अक्टूबर को कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री निवास के सामने धरने पर बैठेंगे।

