बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने बुलेट सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।

मोपका के राधा विहार कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय सौम्य शर्मा प्राइवेट जॉब करता था। सोमवार रात करीब 12:30 बजे वह किसी काम से लौट रहा था। अशोक नगर चौक स्थित आरके पेट्रोल पंप के पास अचानक एक कार ने उसकी बुलेट को टक्कर मार दी। हादसे में युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी और गंभीर रूप से घायल सौम्य को अपोलो अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की शिकायत मृतक के जीजा शिवराज शिवा पांडेय ने सरकंडा थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।