दूरदर्शन का 66वां स्थापना दिवस: सीएम साय बोले – समाज को वैचारिक रूप से समृद्ध करने और संस्कारों को संवारने में दूरदर्शन की अहम भूमिका

रायपुर, 15 सितंबर 2025। राजधानी रायपुर स्थित दूरदर्शन केंद्र में आज दूरदर्शन का 66वां स्थापना दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दूरदर्शन परिवार, अधिकारियों, कर्मचारियों और दर्शकों को शुभकामनाएँ देते हुए दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक यात्रा से जुड़ी अपनी स्मृतियाँ साझा करते हुए कहा कि दूरदर्शन ने मनोरंजन के साथ-साथ समाज को वैचारिक रूप से समृद्ध और संस्कारित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ी लोककलाओं की विविध प्रस्तुतियाँ भी हुईं। कलाकारों ने गौर नृत्य, बांस गीत, जवारा नृत्य, सुआ नृत्य और गौरी-गौरा जैसे पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही शास्त्रीय संगीत और नृत्य की भी शानदार प्रस्तुतियाँ हुईं, जिन्हें मुख्यमंत्री और उपस्थित जनों ने सराहा।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में 1982 के एशियाई खेलों के रंगीन प्रसारण, ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में दूरदर्शन ने देशवासियों को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। उन्होंने कहा, “मिले सुर मेरा तुम्हारा” जैसे गीतों ने राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। समाचारों की गरिमा और भाषा की शुद्धता को बनाए रखने में दूरदर्शन की भूमिका को उन्होंने अत्यंत सराहनीय बताया।

सीएम ने कहा कि रायपुर दूरदर्शन केंद्र ने “हमर चिन्हारी” जैसे कार्यक्रमों के जरिए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को पूरे देश में पहुंचाया है। उन्होंने यह भी कहा कि कृषि, महिलाओं और युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों ने समाज के हर वर्ग को जोड़ा है। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने “अपनी बात” कार्यक्रम में जनता से संवाद किया, जिसमें दूरदर्शन ने स्पष्टता से अपनी बात रखने का मंच प्रदान किया।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दूरदर्शन के माध्यम से लाखों हितग्राहियों तक पहुँच रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि दूरदर्शन द्वारा प्रसारित प्रेरक कहानियाँ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनती हैं।

इस अवसर पर संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी दूरदर्शन की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं को वैश्विक मंच तक पहुँचाने में दूरदर्शन का योगदान उल्लेखनीय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में यह संस्था और भी सशक्त होकर प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को विश्व मंच पर प्रस्तुत करेगी।

कार्यक्रम में रायपुर दूरदर्शन केंद्र के उप महानिदेशक संजय कुमार मिश्र, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अंत में दूरदर्शन परिवार को पुनः स्थापना दिवस की बधाई दी और आशा जताई कि यह संस्था समाज के मनोरंजन, जागरूकता और संस्कार का माध्यम बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *