कोंडागांव। स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने पहली बार लेप्रोस्कोपिक पद्धति से किडनी का सफल ऑपरेशन किया।
बाजारपारा की 35 वर्षीय सावित्री कोर्राम लंबे समय से किडनी रोग से जूझ रही थीं। आर्थिक तंगी के कारण निजी अस्पताल में इलाज संभव नहीं था। इस बीच उन्होंने जिला अस्पताल का रुख किया, जहां सर्जन डॉ. एस. नगुलन और उनकी टीम ने 4 सितंबर को लेप्रोस्कोपिक तकनीक से तीन घंटे तक चले ऑपरेशन में खराब किडनी को सफलतापूर्वक निकाल दिया। सावित्री अब स्वस्थ हो रही हैं और उन्होंने जिला अस्पताल व आयुष्मान योजना का आभार जताया।
इस सफलता के पीछे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त मेहनत रही। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, सीएमएचओ डॉ. आर.के. चतुर्वेदी और सिविल सर्जन डॉ. प्रेम मंडावी के मार्गदर्शन में ऑपरेशन संभव हो पाया। अधिकारियों का कहना है कि अब बस्तर अंचल के मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
कोण्डागांव में हुआ यह ऑपरेशन जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मील का पत्थर साबित हुआ है।