रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक को लेकर देवरानी और भाभी के बीच विवाद हिंसक रूप ले बैठा। मामला ग्राम सलखिया का है, जहाँ देवरानी ने भाभी की हाथ-मुक्कों से पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आए भाभी की मां और बेटे को भी चोटें आईं। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सलखिया निवासी मनमति चौहान (38) रोज़ी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उनके पति धोबाराम चौहान का निधन करीब एक साल पहले हो चुका है। मनमति की एक बेटी और 15 वर्षीय बेटा है। उनका परिवार ग्राम केकराझरिया से संबंधित है।
मनमति की देवरानी सरस्वती चौहान, जो ग्राम पिपराही की रहने वाली है, अपने पति ओमप्रकाश चौहान और मनमति के बीच अवैध संबंध का संदेह करती थी। इस कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
घटना 27 अगस्त की दोपहर की है। सरस्वती चौहान भाभी के घर पहुंची और सीधे अवैध संबंध का आरोप लगाकर झगड़ा शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने मनमति को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से पीट दिया।
मनमति की चीख सुनकर उसका बेटा अरुण चौहान और उसकी मां बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी नहीं बख्शा और मारपीट कर दी। इस दौरान तीनों को आंख, पैर, कमर और कान में चोटें आईं।
गांव वालों ने किसी तरह मामला शांत कराया और पहले दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बनी। इसके बाद मनमति ने लैलूंगा थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी सरस्वती चौहान के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS और 351(2)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह घटना पारिवारिक विवाद कैसे हिंसा का रूप ले लेता है, इसका दुखद उदाहरण है। पुलिस ने कहा है कि कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले की गहराई से जांच की जाएगी।