श्रीनगर। जम्मू में लगातार हो रही बारिश से तवी नदी में बाढ़ आ गया है। जिसका असर राजीव कॉलोनी और जम्मू विश्वविद्यालय में सबसे ज्यादा दिख रहा है। यहां जलभराव से कई परिवार घर छोड़कर सुरक्षित जगह चले गए हैं। तवी में बाढ़ आने के बाद प्रशासन ने जम्मू विश्वविद्यालय के हॉस्टल को खाली करवा दिया है। राजीव कॉलोनी में ज्यादातर घरों के निचले तल जलमग्न हो गए हैं और इनमें रखा सामान भी बर्बाद हो गया। प्रशासन ने तवी नदी में बाढ़ आने का अलर्ट जारी किया था।
तवी का जलस्तर मंगलवार को बढ़ना शुरू हुआ और दोपहर 12 बजे के बाद तक नदी के रौद्र रूप ने राजीव कॉलोनी में पानी आना शुरू हो गया। पानी कॉलोनी में घुसता देख लोगों में अफरातफरी मच गई। आननफानन में अपना सामान समेट भरी बारिश के बीच बाहर निकलना शुरू हो गए। कोई सिर पर गठरी उठाकर तो कोई कंधे पर बच्चों को उठाकर जान बचाने के लिए भागता नजर आया। जब लोग घरों से बाहर निकल रहे थे तब बारिश की वजह से सड़क पर जलभराव भी था।
करीब एक घंटे की बारिश में ही राजीव कॉलोनी में तीन फुट से ज्यादा पानी भर गया। सड़क पर खड़ीं गाड़ियां बहती नजर आईं। विश्वविद्यालय के छात्र लोगों की मदद के लिए राजीव कॉलोनी पहुंच गए। उन्होंने लोगों को घरों से बाहर निकालने में मदद की। बहुत से परिवार अपना सामान बाहर नहीं निकाल पाए और उनके घर के निचला हिस्सा कीचड़ से भर गया।
राजीव कॉलोनी तवी नदी और जम्मू विश्वविद्यालय के बीच में बसी है। यहां करीब 300 से ज्यादा परिवार रहते हैं। यहां अधिकतर लोग दूसरे राज्यों के हैं जो किराये पर रह रहे हैं। इन सभी परिवारों को जलभराव की वजह से मकान खाली करने पड़े हैं। जम्मू विश्वविद्यालय में हालात भी चिंताजनक बने रहे। प्रशासन ने छात्रों को हॉस्टल खाली करने के निर्देश जारी किए थे। इसके बाद सभी छात्र हॉस्टल से निकलकर सुरक्षित स्थानों की तरफ चले गए।