चक्रधर समारोह 2025: रायगढ़ में आज से शुरू होगा सांस्कृतिक उत्सव, CM साय ने कला-प्रेमियों को दिया आमंत्रण

रायगढ़, छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक राजधानी, आज से एक बार फिर शास्त्रीय संगीत और नृत्य के सुरों में रंगने जा रही है। महाराजा चक्रधर सिंह की स्मृति में आयोजित चक्रधर समारोह 2025 का भव्य शुभारंभ आज, 27 अगस्त से हो रहा है, जो आगामी 5 सितंबर तक चलेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक वीडियो संदेश के साथ ट्वीट करते हुए देश-विदेश के सभी कला-प्रेमियों को इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। उन्होंने लिखा, “रायगढ़ की पुण्यभूमि सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक है, जहां महाराजा चक्रधर सिंह जी ने भारतीय शास्त्रीय कला को नई ऊंचाइयां दीं।”

मुख्यमंत्री ने चक्रधर समारोह को केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि परंपरा, इतिहास और भारतीय कलाओं का जीवंत संगम बताया। उन्होंने कहा कि यह उत्सव गणेशोत्सव के अवसर पर आयोजित होकर भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य की गरिमा और विरासत को वैश्विक मंच देता है।

मुख्यमंत्री साय ने महाराजा चक्रधर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी देन के कारण आज रायगढ़ पूरी दुनिया में एक सांस्कृतिक पहचान के रूप में उभरा है।

सीएम ने सभी संगीत, नृत्य और संस्कृति प्रेमियों से इस महोत्सव में भाग लेकर रायगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को अनुभव करने की अपील की है।

यह समारोह न केवल कलाकारों के लिए, बल्कि कला से जुड़े हर व्यक्ति के लिए एक भावनात्मक और सांस्कृतिक उत्सव बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *