स्वतंत्रता दिवस दौड़ में शामिल हुए CM साय, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को किया याद

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर छत्तीसगढ़ में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। राजधानी रायपुर में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सैकड़ों स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ दौड़ लगाकर कार्यक्रम में भाग लिया। यह दौड़ तेलीबांधा तालाब से शुरू होकर भारत माता चौक तक आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर जोश और उमंग के साथ भाग लिया।

इस आयोजन का संचालन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ खेल एवं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, गुरु खुशवंत साहेब, अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल और विभाग के सचिव यशवंत कुमार भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा, “हमारा तिरंगा हमारे पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। हम सभी इसका सम्मान बनाए रखेंगे और अपने अमर शहीदों को कभी नहीं भूलेंगे।” उन्होंने विभाजन विभीषिका दिवस का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भारत-पाकिस्तान विभाजन के दर्द को नई पीढ़ी तक पहुँचाना जरूरी है ताकि वे इतिहास को समझ सकें।

इसी तरह, बलौदाबाजार में भी स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन हुआ, जिसमें एसपी भावना गुप्ता सहित प्रशासनिक अधिकारियों और हजारों स्कूली बच्चों ने भाग लिया। दौड़ पं. चक्रपाणि शुक्ल स्कूल के मैदान से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस स्कूल पहुंची। अतिथियों ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस और इस दौड़ के आयोजन के महत्व से अवगत कराया और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *