रायपुर पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने शेयर बाजार में निवेश और रिटर्न के नाम पर लोगों से 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की है। आरोपी की पहचान अभिलाष मसीह के रूप में हुई है, जिसे राजेंद्र नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसका साथी प्रवीण मसीह अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

यह ठगी प्रकरण तब सामने आया जब पीड़ित दवा कारोबारी भागीरथी यादव ने 3 अगस्त को न्यू राजेंद्र नगर थाना में शिकायत दर्ज करवाई। पीड़ित ने बताया कि अगस्त 2024 में उनके दोस्त जीवन लाल और चंद्रकांत साहू की मुलाकात इन आरोपियों से हुई थी। आरोपियों ने 5 लाख रुपये निवेश पर 1000 स्क्वेयर फीट जमीन और 6 लाख रुपये प्रति माह कैशबैक देने का वादा किया था।
शुरुआत में सब कुछ ठीक लगा, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी न तो जमीन दी गई और न ही कैश रिटर्न मिला। जब पीड़ितों ने पैसे और दस्तावेज वापस मांगे, तो आरोपी उन्हें टालते रहे और फिर अपना ऑफिस बंद कर फरार हो गए।
पीड़ितों ने आपस में बातचीत की, तो खुलासा हुआ कि यही स्कीम दिखाकर 10 से ज्यादा लोगों से ठगी की गई है। इसके बाद सभी पीड़ितों ने एकजुट होकर थाना पहुंचकर एफआईआर दर्ज करवाई। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और मुख्य आरोपी अभिलाष मसीह को गिरफ्तार कर लिया।
इन लोगों से ठगी की गई राशि:
पीड़ित का नाम | ठगी की राशि |
---|---|
मनीष कुमार साहू | ₹19.25 लाख |
महेश्वर निषाद | ₹24 लाख |
जीवन साहू | ₹12 लाख |
टुकेश्वर निषाद | ₹15 लाख |
नेमीन साहू | ₹15 लाख |
डिगम्बर पाल | ₹6.50 लाख |
इंद्र कुमार | ₹5 लाख |
भीखम प्रसाद साहू | ₹5 लाख |
जयेश वरू | ₹5 लाख |
कुलदीपक | ₹3 लाख |
उत्तम यादव | ₹1.5 लाख |
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब फरार प्रवीण मसीह को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।